रायपुर, 2 मई: राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मॉर्निंग वॉक पर निकली तीन महिलाओं को एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हिट एंड रन घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे की है, जब तेलीबांधा के सिंधी कॉलोनी की तीन महिलाएं रॉयल एनफील्ड शोरूम के पास सड़क किनारे टहल रही थीं। तभी एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें पीछे से कुचल दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

तेलीबांधा थाना प्रभारी नरेश मिश्रा ने बताया कि मृत महिला की पहचान संभवतः मुंगेली निवासी के रूप में हुई है, जो रायपुर घूमने अपने किसी रिश्तेदार के घर आई हुई थी। घायल दोनों महिलाओं का इलाज मेकाहारा अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

इस दुर्घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस वाहन और आरोपी चालक की तलाश कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

पुलिस का अपील: यदि किसी भी व्यक्ति के पास घटना से संबंधित कोई जानकारी है या उन्होंने संदिग्ध वाहन को देखा है, तो वे तेलीबांधा थाना से संपर्क करें।