भिलाई: भिलाई नगर निगम के जलकार्य प्रभारी केशव चौबे ने नगर निगम अधिकारियों पर नाराजगी जाहिर करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि नेहरू नगर जोन-1 से हर दिन तीन टैंकर पानी दुर्ग नगर निगम क्षेत्र के एक निजी संस्थान को बेचा जा रहा है। चौबे ने बताया कि पिछले साल भी इस तरह की शिकायत मिली थी और चेतावनी दी गई थी, फिर भी सुधार नहीं हुआ।
वहीं, नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी का कहना है कि नियमानुसार शुल्क लेकर पानी आपूर्ति की जा रही है। इस बीच महापौर परिषद (MIC) के सदस्य केशव चौबे ने निगम आयुक्त राजीव कुमार पांडेय से मांग की है कि संबंधित ठेका एजेंसी का कार्य तत्काल निरस्त किया जाए और उनके भुगतान पर रोक लगाई जाए।
आम जनता को नहीं मिल रही नियमित पानी आपूर्ति
नगर निगम भिलाई ने नेहरू नगर जोन के लिए तीन पानी टैंकर किराए पर लिए हैं, जिनके माध्यम से अलग-अलग वार्डों में पाइंट बनाकर पानी की आपूर्ति की जाती है। लेकिन शिकायतें आ रही हैं कि टैंकर चालक नियमित रूप से पानी नहीं पहुंचा रहे और निजी घरों व संस्थानों को पानी बेच रहे हैं। भीषण गर्मी में यह समस्या और गंभीर हो गई है।
ठेकेदार ने भी मानी गलती
केशव चौबे ने बताया कि जब उन्होंने ठेकेदार जितेंद्र से इस विषय में बात की तो उन्होंने स्वीकार किया कि प्रतिदिन पानी एक निजी संस्था को बेचा जा रहा है। चौबे ने कहा कि पहले भी इस काम को बंद करने के लिए ठेकेदार को समझाइश दी गई थी, लेकिन फिर वही गलती दोहराई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, भिलाई नगर निगम और ठेका एजेंसी मिलकर दुर्ग के एक बड़े संस्थान को हर दिन तीन टैंकर पानी बेच रहे हैं। जैसे ही इस बात की जानकारी MIC सदस्य चौबे को मिली, उन्होंने तत्काल निगम के अधिकारियों से संपर्क किया। अधिकारियों के होश उड़ गए कि यह जानकारी सीधे परिषद सदस्य तक कैसे पहुंच गई।
चौबे ने सहायक अभियंता पुरुषोत्तम सिंह को याद दिलाया कि पहले भी उन्हें इस विषय में समझाइश दी गई थी कि निगम की प्राथमिकता आम नागरिकों को पानी उपलब्ध कराना है, न कि निजी संस्थानों को पानी बेचना।