बीजापुर जिले के भोपालपटनम क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा बिछाए गए आईईडी विस्फोटक की चपेट में आने से एक डीआरजी जवान की शहादत हो गई, जबकि तीन अन्य जवान घायल हो गए। घटना मंगलवार को इंद्रावती टाइगर रिजर्व के उल्लूर घाटी इलाके में हुई, जब पुलिस बल सर्च ऑपरेशन पर निकला था।
जानकारी के अनुसार, ऑपरेशन के दौरान जवान दिनेश नाग का पैर आईईडी पर पड़ गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ। हादसे में दिनेश नाग मौके पर ही शहीद हो गए। वहीं उनके साथ मौजूद जवान भरत धीर, पायकु हेमला और मुदुर कवासी घायल हुए हैं। हालांकि, घायल जवानों की स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
बारिश के मौसम में नक्सलियों ने इंद्रावती नेशनल पार्क क्षेत्र को सुरक्षित ठिकाने के रूप में इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। यही कारण है कि सुरक्षा बलों ने इस इलाके पर अपना विशेष फोकस बढ़ाया है और लगातार अभियान चला रहे हैं। लेकिन, घने जंगलों और अनजान इलाकों में बिछाए गए आईईडी जवानों के लिए खतरा बने हुए हैं।
सीएम का बयान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि नक्सल उन्मूलन अभियान से नक्सली हताश होकर ऐसी कायराना घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा, “जवान दिनेश नाग की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। नक्सलवाद का सफाया हमारा अटल संकल्प है और इस दिशा में हर हाल में सफलता मिलेगी।”