रायपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत में एक बार फिर पोस्टर-वार देखने को मिला। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल के जन्मदिन पर बीजेपी की सोशल मीडिया टीम ने व्यंग्यात्मक कार्टून पोस्ट किया, जिस पर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई है।
बीजेपी के आधिकारिक एक्स पेज पर सुबह 11:35 बजे एक पोस्टर साझा किया गया। इसमें बघेल को “ATM” और “ठगेश” कहकर निशाना बनाया गया। कार्टून में दिखाए गए किरदार के हाथ में “भू-पे स्कैनर” पकड़ा हुआ था, जिस पर “कमीशन ऑनली” लिखा था। पोस्ट में तंज कसा गया— “सारे घोटालेबाज मित्र, मेरे जन्मदिन पर कमीशन इसी पर भेज दें, दिल्ली में मनाऊंगा ताकि ED न आ जाए।”
यह पोस्ट देखते ही सोशल मीडिया पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई। कांग्रेस नेताओं ने इसे बेहद आपत्तिजनक बताते हुए बीजेपी पर व्यक्तिगत स्तर पर राजनीति करने का आरोप लगाया।

कांग्रेस का जवाब: “RSS की सोच का नतीजा”
कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने कहा कि बीजेपी के पास जनता को दिखाने के लिए कोई ठोस काम नहीं है, इसलिए वह कार्टून और प्रोपगेंडा का सहारा ले रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल ने किसानों की कर्जमाफी, धान खरीदी और रोजगार सृजन जैसे काम किए, जिन्हें छुपाने के लिए विपक्ष इस तरह की नीच राजनीति कर रहा है।
धनंजय ने इसे RSS की मानसिकता करार देते हुए कहा कि विरोध करना राजनीति का हिस्सा है, लेकिन जन्मदिन जैसे अवसर पर इस तरह के कटाक्ष शर्मनाक हैं।

हर आयोजन बनेगा राजनीति का नया मैदान
विश्लेषकों का मानना है कि चुनावी साल में हर त्योहार और अवसर पर राजनीतिक दल एक-दूसरे पर हमला करने का कोई मौका नहीं छोड़ेंगे। बीजेपी का यह कार्टूनवार कांग्रेस की छवि को चोट पहुंचाने की कोशिश माना जा रहा है, वहीं कांग्रेस इसे बीजेपी और RSS की साजिश बताकर माहौल अपने पक्ष में करने की रणनीति पर काम कर रही है।

पहले भी भड़क चुके विवाद
यह पहला मौका नहीं है जब कार्टून पोस्टर ने विवाद खड़ा किया हो। इससे पहले भी भूपेश बघेल और मौजूदा सीएम विष्णुदेव साय की तुलना जानवरों से करने पर बड़ा बवाल मचा था। उस समय भी राजनीतिक हलकों ने इस तरह की भाषा को “बिलो द लाइन” कहा था।
अब देखना यह होगा कि बघेल के जन्मदिन पर छिड़ी यह बहस आने वाले दिनों में किस दिशा में जाती है।