एमसीबी जिले के भरतपुर ब्लॉक के कोटाडोल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एक संविदा शिक्षक की करतूत ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां 21 अगस्त को कक्षा 11वीं के आदिवासी छात्र शुभकरण कुजूर को सिर्फ इसलिए डंडों से बुरी तरह पीटा गया क्योंकि वह बिना जूते पहने स्कूल पहुंचा था।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ दिख रहा है कि छात्र दर्द से चीख रहा है, जबकि शिक्षक महेंद्र प्रजापति लगातार उस पर डंडे बरसा रहे हैं। पिटाई से छात्र की पीठ और पैरों पर गहरे निशान उभर आए।
घटना की जानकारी कोटाडोल थाने तक भी पहुंची, लेकिन शिक्षक द्वारा छात्र से माफी मांग लेने के बाद मामला दर्ज नहीं हो सका। पीड़ित छात्र ने भी शिकायत से इनकार करते हुए कहा कि पुलिस केस करने से स्कूल की पढ़ाई-लिखाई प्रभावित होगी।
विद्यालय के प्राचार्य गुड्डूराम किस्पोट्टा ने बताया कि घटना के समय वे प्रशिक्षण के सिलसिले में मनेंद्रगढ़ में थे। वहीं, शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीर मानते हुए जांच टीम गठित कर दी है। बीईओ इस्माइल खान ने कहा कि सोमवार को रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।