बलौदाबाजार जिले में अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर समाधान सेल की शुरुआत की गई है। इस सेल के माध्यम से आम जनता से मिल रही सूचनाओं के चलते पुलिस को समय रहते जरूरी जानकारियां प्राप्त हो रही हैं, जिससे अपराध पर लगाम लगाने में मदद मिल रही है।
इसी पहल के तहत सोमवार को समाधान सेल को मिली जानकारी के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने लटुवा रोड के शुक्लाभाटा तिराहा और रिसदा रोड क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को पकड़ा।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नागेश चंदेल (20 वर्ष) और अश्विनी चेलक (34 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने इनके पास से 80 पाव देसी मसाला शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 8,800 रुपये है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसपी भावना गुप्ता ने बताया कि नागरिक समाधान सेल के हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर कॉल या वॉट्सऐप के माध्यम से किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी दे सकते हैं। इस अभियान का उद्देश्य लोगों की शिकायतों का शीघ्र समाधान और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करना है।