छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक मानसूनी बारिश की रफ्तार थोड़ी धीमी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, 28 जून से 30 जून तक रायपुर सहित मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश में कमी दर्ज की जाएगी। हालांकि, 1 जुलाई से बारिश की गतिविधियां दोबारा तेज़ होने की संभावना है।
उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा और बिलासपुर संभाग में फिलहाल जोरदार बारिश देखने को मिल रही है। बीते 24 घंटों में प्रतापपुर में 9 सेमी, दर्री में 7 सेमी, प्रेमनगर और बेलगहना में 6 सेमी, जबकि कुसमी, राजिम, सूरजपुर, दौरा कोचली और बलरामपुर में 5 सेमी वर्षा दर्ज की गई। बिहारपुर, जशपुर, पौड़ी उपरोड़ा, औंधी, पेंड्रा और सुकमा में 4 सेमी, वहीं बैकुंठपुर, भैयाथान, बीजापुर, कुनकुरी, घरघोड़ा, बगीचा, अंबिकापुर, कटघोरा, दुर्गकोंदल और आरंग में 3 सेमी तक बारिश रेकॉर्ड की गई। कुछ क्षेत्रों में 1 से 2 सेमी तक हल्की बारिश हुई है।
बारिश और बादल की वजह से प्रदेश के अधिकांश इलाकों में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 2.7 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास बना हुआ है।
शनिवार को राजधानी में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, कुछ इलाकों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी बनी हुई है।