Home Political news BJP news दुर्ग में अरुण साव का संदेश: स्वदेशी अपनाओ, विदेशी कंपनियों का बहिष्कार

दुर्ग में अरुण साव का संदेश: स्वदेशी अपनाओ, विदेशी कंपनियों का बहिष्कार

0
दुर्ग में अरुण साव का संदेश: स्वदेशी अपनाओ, विदेशी कंपनियों का बहिष्कार

छत्तीसगढ़ के दुर्ग में गुरुवार को नए बस स्टैंड परिसर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं के साथ विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

प्रतिमा लोकार्पण के साथ ही स्वदेशी सुरक्षा एवं स्वावलंबन अभियान की शुरुआत की गई। इस दौरान ‘विदेशी कंपनी भारत छोड़ो’ का नारा बुलंद हुआ। मंच के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए कोका-कोला की बोतलें नाली में बहाईं।

उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि आज के समय में वोकल फॉर लोकल बेहद जरूरी है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का उदाहरण देते हुए स्वदेशी उपकरणों की ताकत और सफलता का उल्लेख किया। साव ने स्पष्ट कहा कि विदेशी कंपनियों का बहिष्कार केवल आर्थिक नहीं बल्कि सांस्कृतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग की शपथ ली। प्रतिमा अनावरण के बाद नया बस स्टैंड से पटेल चौक तक रैली निकाली गई। रैली के समापन पर विदेशी उत्पादों का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया।

साव ने अपने संबोधन में राज्य सरकार की प्राथमिकताओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है और सरकार स्थानीय उद्योगों व स्वदेशी आंदोलन को मजबूत बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।