Home Chhattisgarh news तेंदुए की तलाश में पहुंची वन विभाग की टीम को मिला अवैध सागौन लकड़ी का जखीरा, मौके पर जब्ती

तेंदुए की तलाश में पहुंची वन विभाग की टीम को मिला अवैध सागौन लकड़ी का जखीरा, मौके पर जब्ती

0
तेंदुए की तलाश में पहुंची वन विभाग की टीम को मिला अवैध सागौन लकड़ी का जखीरा, मौके पर जब्ती

दुर्ग, छत्तीसगढ़: तेंदुए की मौजूदगी की खबर पर गांव में जांच करने पहुंची वन विभाग की टीम को एक अलग ही मामला हाथ लग गया। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के अंतर्गत ग्राम अमलीडीह में तेंदुए की खोज में निकली टीम ने एक किसान की बाड़ी से अवैध रूप से रखे गए 80 नग सागौन लकड़ियों को जब्त किया।

जब्त की गई सागौन लकड़ी की अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है। लकड़ी को मोहला के काष्ठागार में सुरक्षित रखा गया है। वन विभाग द्वारा जांच के बाद संबंधित व्यक्ति पर जुर्माने की प्रक्रिया की जाएगी।

तेंदुए के पदचिन्हों से शुरू हुई कार्रवाई

इन दिनों क्षेत्र में तेंदुए की सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत है और वन विभाग की टीम लगातार गश्त पर है। इसी क्रम में बुधवार को वन विभाग की टीम ग्राम पंचायत पुत्तरगोंदी अंतर्गत ग्राम अमलीडीह पहुंची थी। वहां ग्रामीण अगनू राम कोरेटी की बाड़ी में तेंदुए के सुराग तलाशते समय सागौन लकड़ी का अवैध भंडार मिला।

जब टीम ने अगनू राम से लकड़ियों के बारे में पूछताछ की तो उसने दावा किया कि सागौन के ये लट्ठे उसके खुद के खे से काटे गए हैं, लेकिन उनके पास ना तो कटाई की अनुमति थी और ना ही भंडारण से जुड़ा कोई दस्तावेज।

वन अमले ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लकड़ी की जब्ती बनाई और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।