भिलाई के सेक्टर-6 स्थित अक्षय पात्र मंदिर में इस बार जन्माष्टमी का आयोजन बेहद खास तरीके से किया जा रहा है। पहली बार मथुरा-वृंदावन से आए कलाकार भगवान श्रीकृष्ण का श्रृंगार करेंगे। बांके बिहारी मंदिर की तर्ज पर मंदिर को लगभग 5 लाख रुपए की लागत से फूलों से सजाया गया है। इसके लिए विशेष फूल मथुरा, कोलकाता, मदुराई और नागपुर से मंगाए गए हैं।
हरे कृष्ण मूवमेंट के अध्यक्ष व्योमपद दास ने बताया कि भिलाई में यह आयोजन लगातार 15वें वर्ष हो रहा है। पिछले वर्ष करीब 50 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे।

16 अगस्त को मुख्य आयोजन
जन्माष्टमी पर सुबह 4:30 बजे मंगल आरती से कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। दिनभर धार्मिक अनुष्ठान चलते रहेंगे। शाम 8:15 से 9:30 बजे तक अगम अग्रवाल और उनका समूह भजन संध्या प्रस्तुत करेगा। रात 10 बजे से विशेष महा अभिषेक होगा और मध्यरात्रि में महा आरती के बाद महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
17 अगस्त को नंद उत्सव
हरे कृष्ण मूवमेंट द्वारा 10 से 16 अगस्त तक सात दिवसीय महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें गीता श्लोक पाठ, पेंटिंग, ड्राइंग, शास्त्रीय नृत्य और संगीत प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। भगवान श्रीकृष्ण के लिए विशेष पोशाक वृंदावन से मंगाई गई है। 17 अगस्त को बड़े स्तर पर नंद उत्सव भी मनाया जाएगा।
अन्य मंदिरों में भी तैयारियां
भिलाई-दुर्ग के अन्य राधा-कृष्ण मंदिरों—ब्रज मंडल, नेहरू नगर और रिसाली में भी जन्माष्टमी के लिए रंग-रोगन और भव्य सजावट की गई है।