रायपुर। दिल्ली से रायपुर आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट को सोमवार सुबह खराब मौसम के चलते भुवनेश्वर डायवर्ट करना पड़ा। फ्लाइट नंबर AI-2793 सुबह 5:35 बजे दिल्ली से रवाना हुई थी और इसे 8:30 बजे रायपुर पहुंचना था।
रायपुर एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, लैंडिंग से ठीक पहले एयरपोर्ट के ऊपर घने बादल छा गए थे और रनवे पर विजिबिलिटी बेहद कम हो गई थी। सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने विमान को रायपुर की बजाय भुवनेश्वर भेजने का निर्णय लिया।
यात्रियों ने जताई नाराज़गी
फ्लाइट में प्रदेश भाजयुमो अध्यक्ष राहुल टिकरिहा, सराईपाली के प्रखर अग्रवाल और रायपुर के तनय लुनिया समेत कई यात्री सवार थे। भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर लंबे इंतजार के दौरान यात्रियों ने एयर इंडिया से कॉम्प्लिमेंट्री नाश्ते की मांग की। यात्रियों का कहना था कि घंटों की देरी के बावजूद उन्हें कोई सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई, जिससे असंतोष बढ़ गया।
एयर इंडिया का बयान अब तक नहीं
एयर इंडिया की ओर से इस घटना को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने साफ किया है कि फ्लाइट को डायवर्ट करने का कारण केवल खराब मौसम और विजिबिलिटी की समस्या थी। मौसम सुधरने के बाद फ्लाइट सुबह 9:30 बजे भुवनेश्वर से रवाना हुई और 10:30 बजे सुरक्षित रूप से रायपुर एयरपोर्ट पर लैंड कर गई।