Home Chhattisgarh news कार्रवाई शुरू:तोमर ब्रदर्स की भाठागांव और खमतराई में तीन करोड़ से अधिक की 4 प्रॉपर्टी मिली, होगी कुर्की

कार्रवाई शुरू:तोमर ब्रदर्स की भाठागांव और खमतराई में तीन करोड़ से अधिक की 4 प्रॉपर्टी मिली, होगी कुर्की

0
कार्रवाई शुरू:तोमर ब्रदर्स की भाठागांव और खमतराई में तीन करोड़ से अधिक की 4 प्रॉपर्टी मिली, होगी कुर्की

रायपुर। सूदखोरी और वसूली के मामलों में वांटेड चल रहे वीरेंद्र तोमर और रोहित तोमर की संपत्तियों पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर ने दोनों भाइयों की लगभग तीन करोड़ रुपए से अधिक मूल्य की चार संपत्तियों को कुर्क करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों ने 2016-17 में भाठागांव और खमतराई क्षेत्र में जमीन खरीदी थी, जिनकी उस समय की कीमत करीब 1.31 करोड़ रुपए थी। वर्तमान में इनकी बाजार कीमत तीन करोड़ से अधिक आंकी जा रही है। कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद कलेक्टर कार्यालय ने कार्रवाई शुरू की है।

कौन-सी संपत्तियां होंगी कुर्क

  • वीरेंद्र तोमर के नाम पर भाठागांव में 1500 वर्गफुट का प्लॉट है, जिसकी मौजूदा कीमत करीब 38 लाख है।

  • खमतराई क्षेत्र में उसके नाम पर 3000-3000 वर्गफुट के दो प्लॉट दर्ज हैं, जिनकी संयुक्त कीमत लगभग 90 लाख रुपए बताई जा रही है।

  • रोहित तोमर के नाम पर भाठागांव में 1500 वर्गफुट की जमीन है, जिस पर उसने दफ्तर बनाया था। निगम ने इसे पहले ही तोड़ दिया है। इस जमीन की कीमत भी 38 लाख से अधिक है।

खरीदी का पूरा ब्यौरा

  • 18 मार्च 2016 को वीरेंद्र ने खमतराई गंगानगर में दो अलग-अलग प्लॉट क्रमशः 45 लाख और 45.96 लाख रुपए में खरीदे।

  • 17 फरवरी 2016 को भाठागांव में 22.50 लाख रुपए में 1500 वर्गफुट जमीन खरीदी।

  • 7 अप्रैल 2017 को रोहित तोमर ने भाठागांव में 17.50 लाख में 1500 वर्गफुट जमीन ली।

और भी संपत्तियों पर गिरेगी गाज

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी तो फरारी की वजह से कुर्की हो रही है, लेकिन आगे दोनों भाइयों की अवैध आय से खरीदी गई अन्य संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। इसमें नकदी, जेवर और वाहन शामिल हैं। कई शिकायतें मिली हैं कि तोमर बंधुओं ने कर्ज नहीं लौटाने वालों की जमीन पर दबाव डालकर कब्जा किया और जबरन रजिस्ट्री कराई।

हाईकोर्ट में जमानत याचिका

इस बीच, वीरेंद्र और रोहित तोमर ने हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की है। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने बताया कि दोनों पर पहले से ही 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वे गुंडा एक्ट में भी आरोपी रह चुके हैं। निचली अदालत उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर चुकी है। हाई कोर्ट ने रायपुर एसपी को निर्देश दिया है कि वे शपथ पत्र के साथ दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड और लंबित मामलों का पूरा विवरण पेश करें।