Home Chhattisgarh news Bilaspur news बिलासपुर में अवैध खनन पर प्रशासन की सख्ती, सरपंच के डंप किए 120 ट्रैक्टर रेत जब्त

बिलासपुर में अवैध खनन पर प्रशासन की सख्ती, सरपंच के डंप किए 120 ट्रैक्टर रेत जब्त

0
बिलासपुर में अवैध खनन पर प्रशासन की सख्ती, सरपंच के डंप किए 120 ट्रैक्टर रेत जब्त

बिलासपुर ज़िले में अवैध रेत खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। तखतपुर तहसील के मोढ़े और बेलसरी गांवों में खनिज और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अवैध गतिविधियों का भंडाफोड़ किया।

कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर, एसडीएम तखतपुर के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में ग्राम मोढ़े के सरपंच प्रमोद कुमार निर्मलकर द्वारा अवैध रूप से डंप की गई 120 ट्रैक्टर रेत को जब्त किया गया। यह रेत विभिन्न स्थानों पर संग्रहित की गई थी, जिसे मौके पर उपसरपंच को सुपुर्द कर सुरक्षित किया गया।

छापेमारी टीम में तहसीलदार पंकज सिंह, माइनिंग इंस्पेक्टर राजू यादव और राजस्व निरीक्षक ऋषि राज शामिल थे।

इससे पहले, शुक्रवार को बिल्हा तहसील के बोदरी क्षेत्र में प्रशासन ने पिरैया और नगाड़ाडीह गांवों में 17 स्थानों से कुल 435 ट्रैक्टर रेत जब्त की थी। दो दिनों की कार्रवाई में कुल 555 ट्रैक्टर अवैध रेत जब्त की गई है।

इसी दौरान बेलसरी गांव में सरकारी ज़मीन पर हो रहे अवैध मिट्टी खनन की शिकायत पर माइनिंग इंस्पेक्टर ने एक जेसीबी और तीन ट्रैक्टर भी जब्त किए। सभी जब्त वाहन तखतपुर थाने में खड़े कराए गए हैं।

प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी अवैध खनन पर कठोर कदम उठाए जाएंगे।