छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में चिटफंड कंपनी के नाम पर धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। दुर्घटना बीमा और मुनाफे का झांसा देकर 57 लोगों से करीब 14 लाख रुपये की ठगी करने वाला आरोपी प्रकाश चंद जैन आखिरकार 9 साल बाद भोपाल से गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह मामला छावनी थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहां आरोपी ने साल 2016 में लोगों को स्कीम दिखाते हुए दावा किया था कि 3,500 रुपये निवेश करने पर 3 साल में 35 लाख रुपये मिलेंगे, साथ ही अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी। इस झांसे में आकर लोगों ने पैसा लगाया, लेकिन आरोपी रकम लेकर फरार हो गया।
जांच में पता चला कि प्रकाश चंद जैन टुलिप ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड नामक चिटफंड कंपनी का डायरेक्टर है, जिसकी शुरुआत 2008 में जयपुर से हुई थी। इस कंपनी का नेटवर्क मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, राजस्थान और बिहार तक फैला था। निवेशकों से धोखाधड़ी की शिकायतों के बाद राजस्थान सरकार ने कंपनी पर प्रतिबंध भी लगा दिया था।
दुर्ग पुलिस की 9 साल की लगातार कोशिशों के बाद यह जानकारी मिली कि आरोपी भोपाल की जेल में STF के एक केस में बंद है। इसके बाद उसे प्रोडक्शन वारंट के जरिए 22 जुलाई को दुर्ग लाया गया और न्यायालय में पेश किया गया।
इस मामले में अब तक आरोपी प्रकाश चंद जैन के साथ तीन और लोगों—प्रभुदयाल उजाला, मनोज सोनी और सुरेश सोनी को भी पकड़ा गया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लिया है और उनकी संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। मामले में ईनामी चिटफंड और धन परिचालन स्कीम अधिनियम के तहत कार्रवाई जारी है।