Home Chhattisgarh news 6 हजार आवारा कुत्तों के लिए सिर्फ 77 सेल वाला शेल्टर: डेढ़ करोड़ में तैयार हुआ निगम का डॉग होम

6 हजार आवारा कुत्तों के लिए सिर्फ 77 सेल वाला शेल्टर: डेढ़ करोड़ में तैयार हुआ निगम का डॉग होम

0
6 हजार आवारा कुत्तों के लिए सिर्फ 77 सेल वाला शेल्टर: डेढ़ करोड़ में तैयार हुआ निगम का डॉग होम

रायपुर शहर में तेजी से बढ़ रही आवारा कुत्तों की समस्या को देखते हुए नगर निगम ने सोनडोंगरी में डॉग शेल्टर होम बना लिया है। करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस शेल्टर में फिलहाल सिर्फ 77 कुत्तों को रखने की ही व्यवस्था की गई है। जबकि शहर में 6 हजार से ज्यादा कुत्ते मौजूद हैं।

निगम का कहना है कि यहां बीमार और आक्रामक कुत्तों को पकड़कर रखा जाएगा। उनके इलाज, टीकाकरण और नसबंदी की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। निगम का दावा है कि इससे कुत्तों का व्यवहार शांत होगा और काटने की घटनाएं कम होंगी। हालांकि पूरे शहर से कुत्तों को पकड़कर एक साथ रखने की कोई योजना नहीं है।

श्वान अभयारण्य का प्रस्ताव अधर में

नगर निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष सूर्यकांत राठौर का कहना है कि पहले शहर के आउटर में 5-10 एकड़ जमीन पर श्वान अभयारण्य बनाने का प्रस्ताव रखा गया था। वहां बड़े पैमाने पर सभी कुत्तों को रखा जा सकता था। उनके मुताबिक, अगर होटल-रेस्टोरेंट और ढाबों से बचा हुआ खाना निगम को दिया जाए तो भोजन की समस्या भी हल हो सकती है। लेकिन इस प्रस्ताव पर अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई।

पेट लवर्स से मिल रहा सहयोग

नगर निगम के अपर आयुक्त विनोद पांडे ने बताया कि शेल्टर का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। संचालन को लेकर कुछ पेट लवर्स और सामाजिक संगठनों से बातचीत की गई है। उनकी सलाह पर सुधार किए जा रहे हैं। आगे चलकर जरूरत पड़ने पर शेल्टर की क्षमता भी बढ़ाई जाएगी।

तय समय से देरी

यह शेल्टर जून 2024 तक पूरा होना था, लेकिन निर्माण कार्य में देरी के कारण अब जाकर तैयार हुआ है। यहां 5×4 फीट आकार के 77 सेल बनाए गए हैं, जिनमें एक-एक कुत्ते को रखा जाएगा। परिसर में एक ऑपरेशन थियेटर भी है, जहां नसबंदी, इलाज और अन्य मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध होंगी।