छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र की सीमा से लगे नारायणपुर जिले के घने जंगलों वाले अबूझमाड़ क्षेत्र में शुक्रवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में जवानों ने 6 नक्सलियों को मार गिराया है। घटनास्थल से एके-47, एसएलआर जैसे घातक हथियारों के साथ कई विस्फोटक और रोजमर्रा की सामग्री बरामद की गई है।
सूत्रों के अनुसार, इलाके में ऊंचे दर्जे के नक्सली कमांडरों की मौजूदगी की सूचना पर सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन चलाया था। इसी दौरान दोपहर बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। मारे गए नक्सलियों की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो सकी है, लेकिन अफसरों का मानना है कि इनमें कुछ बड़े कैडर के लीडर शामिल हो सकते हैं।
इलाके में रुक-रुक कर फायरिंग अब भी जारी है। सुरक्षा कारणों से ऑपरेशन से जुड़ी पूरी जानकारी फिलहाल गोपनीय रखी गई है। अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही टीम वापस लौटेगी, शिनाख्त और अन्य विवरणों को सार्वजनिक किया जाएगा।
नक्सलियों की चेतावनी: 28 जुलाई से शहीदी सप्ताह मनाने की घोषणा
दंतेवाड़ा जिले में नक्सल गतिविधियां पिछले कुछ समय से कम हो गई थीं, विशेष रूप से मलांगिर एरिया में। हालांकि पंचायत चुनाव के दौरान दो ग्रामीणों की हत्या ने फिर से चिंता बढ़ा दी थी। अब शुक्रवार को कुआकोंडा थाना क्षेत्र के पालनार साप्ताहिक बाजार के पास नक्सलियों द्वारा लगाए गए बैनर-पोस्टरों ने हलचल मचा दी है।
इन पोस्टरों में नक्सलियों ने 28 जुलाई से 3 अगस्त तक शहीदी सप्ताह मनाने की बात कही है। उन्होंने ग्रामीणों से गांव-गांव में स्मृति सप्ताह मनाने का आह्वान किया है। ये पोस्टर फुलपाड़ जाने वाले रास्ते पर लगाए गए हैं, जिससे यह संकेत मिलता है कि नक्सली फिर से अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश कर रहे हैं।
सुरक्षा एजेंसियां अब इन गतिविधियों पर बारीकी से नजर बनाए हुए हैं।