Home Chhattisgarh news कोरबा में शुरू होगा 1320 मेगावाट का नया पावर प्रोजेक्ट, 140 पदों की मिली मंजूरी

कोरबा में शुरू होगा 1320 मेगावाट का नया पावर प्रोजेक्ट, 140 पदों की मिली मंजूरी

0
कोरबा में शुरू होगा 1320 मेगावाट का नया पावर प्रोजेक्ट, 140 पदों की मिली मंजूरी

छत्तीसगढ़ के कोरबा पश्चिम में 1320 मेगावाट क्षमता वाले नए ताप विद्युत संयंत्र की स्थापना का कार्य आगामी माह से शुरू होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी द्वारा इस परियोजना के लिए पहले से चिन्हित भूमि पर पेड़ों की कटाई और जमीन की सफाई का कार्य चल रहा है।

राज्य सरकार ने इस पावर प्लांट के संचालन के लिए 140 नए पदों को स्वीकृति दी है, जो दो चरणों में भरे जाएंगे। इन पदों में सहायक मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता, वेतन अधिकारी और लेखापाल जैसे तकनीकी और प्रशासनिक पद शामिल हैं।

16 अगस्त से भूमि कार्य आरंभ

सूत्रों के अनुसार, 16 अगस्त से इस परियोजना के लिए भूमि पर वास्तविक निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। निर्धारित स्थान पर गड्ढे खोदकर आधार निर्माण की प्रक्रिया की जाएगी। परियोजना को वर्ष 2029 तक लाइटअप कर उत्पादन में लाने की योजना है।

दोगुनी होगी बिजली उत्पादन क्षमता

इस परियोजना के तहत 660-660 मेगावाट की दो सुपर क्रिटिकल इकाइयों का निर्माण किया जाएगा, जिसे भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) के सहयोग से पूरा किया जाएगा। भेल के अधिकारी पहले ही दर्री पहुंच चुके हैं और परियोजना की तैयारियों में जुटे हैं।

वर्तमान में जनरेशन कंपनी की ताप विद्युत उत्पादन क्षमता 2840 मेगावाट है, जो इस प्लांट के चालू होने के बाद बढ़कर 4160 मेगावाट हो जाएगी। जल विद्युत संयंत्रों सहित कुल उत्पादन क्षमता अभी 2978 मेगावाट है।

15800 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा प्लांट

यह सुपर क्रिटिकल तकनीक पर आधारित पावर प्लांट 15800 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा और इसे कोरबा पश्चिम के एसटीपीएस परिसर में चरण-4 के तहत स्थापित किया जा रहा है। मार्च में प्रधानमंत्री ने बिलासपुर प्रवास के दौरान इस परियोजना का वर्चुअल माध्यम से भूमिपूजन किया था। इससे पहले कांग्रेस सरकार के समय भी इस परियोजना का शिलान्यास किया गया था।

इस परियोजना के पूरा होने से न केवल प्रदेश की बिजली जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा किया जा सकेगा, बल्कि बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।