छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक मोबाइल दुकान में कुछ बदमाशों ने दिनदहाड़े उत्पात मचाया। बदमाशों ने पहले दुकान संचालक को गालियां दीं और विरोध करने पर बाल खींचकर बेरहमी से बेल्ट, लात और घूंसों से पिटाई कर दी। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है, और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दुकान में तोड़फोड़, CCTV और काउंटर को पहुंचाया नुकसान
यह वारदात रतनपुर के केरापारा चौक स्थित एक मोबाइल दुकान में हुई, जिसे मोहम्मद आसिफ नामक युवक चलाता है। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे आसिफ अपने दोस्त राज कश्यप के साथ दुकान पर मौजूद था। तभी मोहल्ले में रहने वाले विक्कू उर्फ विकास रावत, राजा कश्यप, बंधन और नमन बिसेन अपने कुछ साथियों के साथ दुकान में घुस आए।
बदमाशों ने पहले दोनों को गालियां दीं और फिर बाल पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। बेल्ट और घूंसों से हमला किया गया। इसके बाद उन्होंने दुकान में जमकर तोड़फोड़ भी की, जिसमें सीसीटीवी कैमरे, कूलर और काउंटर क्षतिग्रस्त हो गए। इस हमले में दोनों युवक घायल हो गए हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज किया, आरोपियों की तलाश जारी
घायल आसिफ की शिकायत पर पुलिस ने चारों हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही सभी को पकड़ लिया जाएगा।
वीडियो वायरल, पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। वीडियो में बदमाशों को खुलेआम मारपीट और तोड़फोड़ करते हुए देखा जा सकता है। इससे पुलिस की कानून व्यवस्था और अपराधियों पर लगाम कसने के दावों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
आदतन अपराधी, पहले भी कर चुके हैं ऐसी हरकतें
स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी पहले भी कई बार मारपीट और गुंडागर्दी की घटनाओं में शामिल रहे हैं। लेकिन पुलिस द्वारा समय रहते कार्रवाई न करने के कारण उनका मनोबल बढ़ता जा रहा है। डर के कारण लोग उनके खिलाफ शिकायत करने से भी कतराते हैं।
पुलिस का कहना है कि दोषी चाहे कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा। इस बार सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।