Home Chhattisgarh news Bilaspur news प्रेग्नेंट महिला की संदिग्ध मौत: मौलाना पति पर टॉयलेट क्लीनर पिलाने, गर्म आयरन से जलाने का आरोप, परिवार ने जताई हत्या की आशंका

प्रेग्नेंट महिला की संदिग्ध मौत: मौलाना पति पर टॉयलेट क्लीनर पिलाने, गर्म आयरन से जलाने का आरोप, परिवार ने जताई हत्या की आशंका

0
प्रेग्नेंट महिला की संदिग्ध मौत: मौलाना पति पर टॉयलेट क्लीनर पिलाने, गर्म आयरन से जलाने का आरोप, परिवार ने जताई हत्या की आशंका

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि उसके पति मौलाना कारी बशीर ने उसे बेरहमी से पीटा, गर्म आयरन से जलाया और जबरन टॉयलेट क्लीनर पिलाया। गंभीर हालत में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए जांच की मांग की है।

घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के तालापारा इलाके की है, जहां मौलाना कारी बशीर मस्जिद फैजाने गरीब नवाज के पास रहता है। मोहल्लेवासियों के मुताबिक 11 जुलाई की रात उसका किसी महिला को लेकर अपनी पत्नी सलमा से झगड़ा हुआ था। इसके बाद बशीर ने अपने भाइयों के साथ मिलकर गर्भवती पत्नी की बेरहमी से पिटाई की, पेट पर लात मारी और गर्म आयरन से जलाया। अगले दिन 12 जुलाई को उसे हार्पिक पिलाकर छोड़ दिया गया।

महिला की 10 साल की बेटी ने पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। जब लोग घर पहुंचे तो फर्श पर हार्पिक बिखरा था और चादर खून से सनी थी। बाद में बशीर ने महिला को यूनिटी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां रात करीब 10:45 बजे उसकी मौत हो गई। आरोप है कि बिना पुलिस को सूचना दिए, अस्पताल प्रबंधन की मिलीभगत से फर्जी कागजात बनवाकर शव को एंबुलेंस से उत्तरप्रदेश के मिर्जापुर ले जाकर 13 जुलाई को दफन कर दिया गया।

मृतका के भाई रागीब खान का कहना है कि उसकी बहन को शादी के बाद से ही दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने मौलाना बशीर, उसके भाइयों, ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर हत्या और साक्ष्य मिटाने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। मिर्जापुर के एसडीएम और पुलिस को कब्र खोदकर शव निकालने व पोस्टमार्टम कराने के लिए पत्र भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।