Home Chhattisgarh news छत्तीसगढ़ में दो पारिवारिक हत्याएं: कोरबा में बेटे ने पिता की जान ली, दुर्ग में भाई ने भाई को मौत के घाट उतारा

छत्तीसगढ़ में दो पारिवारिक हत्याएं: कोरबा में बेटे ने पिता की जान ली, दुर्ग में भाई ने भाई को मौत के घाट उतारा

0
छत्तीसगढ़ में दो पारिवारिक हत्याएं: कोरबा में बेटे ने पिता की जान ली, दुर्ग में भाई ने भाई को मौत के घाट उतारा

छत्तीसगढ़ के कोरबा और दुर्ग में दो अलग-अलग घटनाओं में परिवारिक विवाद खून-खराबे में बदल गया। दोनों ही मामलों में विवाद के चलते नजदीकी परिजन की हत्या कर दी गई।

पहली घटना – कोरबा
कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र के प्रधान पारा में 40 वर्षीय मजदूर धनीराम यादव की हत्या उसके 16 वर्षीय बेटे ने कर दी। पुलिस के मुताबिक, धनीराम को पत्नी के चरित्र पर शक था और अक्सर झगड़े करता था। रक्षाबंधन के दिन भी उसने शराब पीकर विवाद किया और गुस्से में खाना बाहर फेंक दिया।
जब बेटे ने विरोध किया, तो धनीराम ने फावड़ा उठाकर उसे मारने की कोशिश की। इस दौरान बेटे ने फावड़ा छीनकर पिता पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
चार घंटे बाद घटना की जानकारी आसपास के लोगों को हुई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और नाबालिग को हिरासत में लेकर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया।

दूसरी घटना – दुर्ग
दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के डबरा पारा में छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, डामन सिंह ठाकुर (27) और शरद ठाकुर (25) अपने मौसा-मौसी के घर पर रहते थे। कुछ साल पहले सड़क हादसे में घायल होने के बाद शरद की मानसिक स्थिति खराब हो गई थी। वह काम नहीं करता था और अक्सर पैसों की मांग करता था।
शनिवार देर रात पैसों को लेकर दोनों में बहस हुई, जिसके बाद शरद ने रसोई से टंगिया उठाकर डामन के गले और चेहरे पर कई वार कर दिए। डामन रातभर गंभीर रूप से घायल हालत में पड़ा रहा, लेकिन परिजनों ने उसे अस्पताल नहीं पहुंचाया।
सुबह मोहल्लेवालों ने खून देखकर पुलिस को बुलाया। इलाज के दौरान डामन की मौत हो गई। शुरू में परिवार ने किसी अज्ञात पर शक जताया, लेकिन पूछताछ में सच्चाई सामने आ गई। पुलिस ने आरोपी शरद को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया।