बेमेतरा जिले के देवकर पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत बुड़ेरा गांव में सोमवार रात एक कच्चे मकान में अचानक आग लग गई, जिससे परिवार को भारी नुकसान झेलना पड़ा। आग पर काबू पाने में करीब दो से ढाई घंटे का वक्त लग गया। इस दौरान ग्रामीणों और पड़ोसियों ने निजी नलकूप से पानी डालकर आग को फैलने से रोका।
गांववालों ने बताया कि पिछले कई दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते वातावरण में नमी थी, जिससे आग ने अधिक विकराल रूप नहीं लिया। लेकिन जब तक आग बुझाई जाती, तब तक घर का अधिकांश सामान जलकर खाक हो चुका था। आग बुझने के बाद जब दमकल वाहन पहुंचा, तो ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली।
प्रभावित मकान मालिक रविंद्र गुप्ता ने बताया कि हाल ही में वह नए घर में शिफ्ट हुए थे। आग में घरेलू सामान जैसे बर्तन, कपड़े, चावल-दाल समेत 7 तोला सोने के दो हार, एक जोड़ी झुमके और 25 तोला चांदी की पायलें भी जल गईं। इसके साथ ही सरकारी दस्तावेज जैसे मकान का पट्टा, बेटे का जन्म प्रमाण-पत्र, बैंक पासबुक, पैन कार्ड, आधार कार्ड, पिता का मृत्यु प्रमाण-पत्र और ऋण पुस्तिका भी पूरी तरह नष्ट हो गए।
बिजली से संबंधित उपकरण जैसे फ्रिज, पंखा और कूलर भी आग की चपेट में आकर राख हो गए। अगली सुबह पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसमें लगभग 10 लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई गई है।
देवकर पुलिस चौकी के सहायक उप निरीक्षक ऊदलराम तांडेकर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना जताई गई है।
जाँच जारी है और प्रशासन से मुआवज़े की उम्मीद जताई जा रही है।