छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बागबहरा क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। घर का मुखिया फांसी के फंदे पर लटका मिला, जबकि उसकी पत्नी और दो छोटे बच्चों के शव उसी कमरे में पड़े हुए मिले।

यह घटना हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की है, जहां मृतक बसंत पटेल अपने परिवार के साथ रहता था। बसंत कन्या शाला में चपरासी के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि रात करीब 11 बजे तक परिवार के सभी सदस्य जाग रहे थे, लेकिन सुबह जब लोग घर के पास पहुंचे तो कमरे के भीतर सभी मृत पाए गए।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर डॉग स्क्वाड, फॉरेंसिक टीम और पुलिस की क्राइम ब्रांच पहुंची। शुरुआती जांच में आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा और सच्चाई सामने लाकर दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग स्तब्ध हैं।