बिरगांव, 7 जून – शहर के सर्वोदयहोटल में चल रहे देह व्यापार के गोरखधंधे का आज दोपहर भंडाफोड़ हुआ। यह कार्रवाई वार्ड क्रमांक 33 के पार्षद पुत्र राजू सिन्हा और वार्ड क्रमांक 24 के पार्षद डिकेन सिन्हा की सजगता से संभव हो सकी, जिन्हें इस अवैध गतिविधि की भनक बीते कुछ समय से लग रही थी।

सूचना पुख्ता होने पर दोनों जनप्रतिनिधियों ने दोपहर करीब 1:30 बजे होटल में छापा मारा। मौके पर आपत्तिजनक स्थिति में महिलाएं और एक पुरुष मिलने पर तुरंत 112 डायल सेवा और उरला थाना पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस मौके पर पहुंची और होटल संचालक गणेश सहित दो महिलाओं व एक पुरुष को गिरफ्तार किया।

थाना प्रभारी बी.एल. चंद्राकर ने बताया कि होटल में अनैतिक गतिविधियों की पुष्टि के बाद मामले में गंभीरता से जांच की जा रही है। यह भी जांचा जा रहा है कि होटल में ठहरे लोगों की पहचान क्या है और उनका इन गतिविधियों में कितना संलिप्त होना सामने आता है।

पार्षद डिकेन सिन्हा ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री को लेकर भी पुलिस को जानकारी दी थी, जिस पर कार्रवाई हुई थी। अब सर्वोदय  होटल में देह व्यापार का खुलासा होने के बाद नागरिकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सर्वोदय होटल को तत्काल सील किया जाए, क्योंकि यह अपराधियों का अड्डा बनता जा रहा है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में सख्त कार्रवाई होगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

यह घटना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर  रही है