अहमदाबाद में हुए विमान हादसे के मद्देनज़र रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से अहमदाबाद के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट को अगले आदेश तक रद्द कर दिया गया है। डीजीसीए के निर्देश पर इंडिगो एयरलाइंस ने इस निर्णय की जानकारी दी और ट्रैवल एजेंसियों को नए टिकट बुक न करने के निर्देश दिए गए हैं।

यात्रियों में दहशत और आक्रोश

हादसे की खबर मिलते ही रायपुर एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। फ्लाइट में बैठ चुके यात्रियों को अचानक विमान से उतारने के आदेश दिए गए, जिससे टर्मिनल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यात्रियों को किसी भी तरह की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई, जिससे वे नाराज हो गए। काफी देर बाद हादसे की जानकारी दी गई, जिसके बाद यात्रियों को शांत किया गया।

विकल्प दिए गए, यात्रियों को किया शिफ्ट

फ्लाइट रद्द होने के बाद एयरलाइन ने यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत वाया मुंबई और दिल्ली होकर बड़ौदा और राजकोट भेजा। लगभग 35 यात्रियों को दूसरी फ्लाइट में स्थानांतरित किया गया, जबकि 40 यात्रियों ने टिकट रद्द कराया, 42 ने आगे की तारीख चुनी और कुछ ने होल्ड पर रखा। टिकट रद्द करने पर पूरा किराया वापस किया गया और अन्य यात्रियों को बिना अतिरिक्त शुल्क के अन्य फ्लाइट्स में शिफ्ट किया गया।

यात्रियों की प्रतिक्रिया

रायपुर के शंकर नगर निवासी एक व्यक्ति ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि वे अपनी बेटी से मिलने अहमदाबाद जा रहे थे लेकिन अचानक की स्थिति से डर गए। वहीं, देवेन्द्र नगर के जोशी परिवार ने बताया कि वे रिश्तेदारों से मिलने जा रहे थे, लेकिन हादसे के चलते अपनी यात्रा स्थगित कर दी।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने जताया शोक

राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस दुर्घटना को अत्यंत दुखद बताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ईश्वर से मृतकों की आत्मा की शांति और परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

उड़ानों पर रोक, शेड्यूल में बदलाव

रायपुर से अहमदाबाद के लिए प्रतिदिन उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट को अहमदाबाद हादसे की सूचना मिलने के बाद रोक दिया गया। एयरपोर्ट और एयरलाइन प्रबंधन को देशभर से छत्तीसगढ़ आने-जाने वाली उड़ानों को फिलहाल स्थगित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बिना जानकारी उड़ान रोकी गई

एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच और बोर्डिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब फ्लाइट टेक-ऑफ की तैयारी में थी, तभी पायलट को तत्काल सूचना देकर उड़ान को रोका गया। यात्रियों को विमान से नीचे उतारा गया, लेकिन हादसे की जानकारी तत्काल नहीं दी गई। काफी देर बाद जब टर्मिनल में यात्री पहुंचे तब उन्हें पूरी जानकारी दी गई।